फर्रुखाबाद। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने शहर में विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान नो एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने वाले तथा क्षमता से अधिक सामान ढोने वाले कई ई-रिक्शा चालकों के चालान किए गए।
बुधवार को यातायात प्रभारी के नेतृत्व में लाल दरवाजा स्थित रोडवेज बस स्टेशन के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान ऐसे ई-रिक्शा चिन्हित किए गए, जिन पर निर्धारित सीमा से अधिक सामान लादकर चालक सड़कों पर फर्राटा भर रहे थे। अधिकारियों ने इसे दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण मानते हुए संबंधित चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की।
इसके अलावा शहर के अन्य प्रमुख मार्गों और व्यस्त इलाकों में भी यातायात पुलिस की टीम सक्रिय रही। नो एंट्री के नियमों का उल्लंघन कर प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करने वाले ई-रिक्शा चालकों को रोककर यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई और कई वाहनों के चालान भी काटे गए।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और ओवरलोडिंग तथा प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन चलाने से बचें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके।
अभियान के दौरान हुई कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही और कई चालक वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेते दिखाई दिए। यातायात पुलिस का कहना है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात नियमों की अनदेखी पर चला चाबुक, नो एंट्री और ओवरलोड ई-रिक्शाओं के खिलाफ अभियान


