कमालगंज में फर्रुखाबाद–कानपुर मार्ग संख्या 29-ए पर तपस्वी वाले बाग के पास स्थित करीब 80 वर्ष पुराना चुंगी भवन आखिरकार ध्वस्त कर दिया गया। लंबे समय से खंडहर बन चुका यह भवन बेहद जर्जर अवस्था में था और कभी भी गिरकर बड़े हादसे का कारण बन सकता था। बुधवार को नगर पंचायत की टीम ने बैकहो लोडर मशीन की मदद से भवन को पूरी तरह जमींदोज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, इस चुंगी भवन का निर्माण लगभग 80 वर्ष पहले प्रांतीय लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कराया था। उस समय पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी यहां बैठकर फर्रुखाबाद से कानपुर की ओर आने-जाने वाले वाहनों से पथकर वसूलते थे। बाद में विभाग द्वारा वसूली बंद किए जाने के बाद नगर पंचायत ने नगर में प्रवेश करने वाले वाहनों से कर वसूली के लिए इसी भवन का उपयोग किया।
समय के साथ रखरखाव के अभाव में यह इमारत पूरी तरह जीर्ण-शीर्ण होकर खंडहर में तब्दील हो गई। इसकी जर्जर हालत को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामानंद यादव ने पीडब्ल्यूडी से पत्राचार कर भवन के ध्वस्तीकरण की अनुमति मांगी।
पीडब्ल्यूडी से अनुमति मिलने के बाद नगर पंचायत ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए पुराने चुंगी भवन को ध्वस्त करा दिया। ध्वस्तीकरण के दौरान नगर पंचायत के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे जनसुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


