फर्रुखाबाद। आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाले सभी कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने तथा कार्यक्रमों का सफल एवं अनुशासित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि देश के गौरव, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। इसलिए प्रत्येक कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति की भावना के अनुरूप, गरिमामय एवं अनुशासित ढंग से आयोजित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त की शुरुआत सुबह 6:30 बजे प्रभात फेरी के साथ होगी। जनपद के सभी विकास खंडों, तहसील मुख्यालयों और नगर क्षेत्रों में प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि नगर क्षेत्र में प्रभात फेरी स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम से निकाली जाएगी। प्रभात फेरी मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि सुबह 7 बजे फिट इंडिया रन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 7:30 बजे महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, श्रद्धांजलि और स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सुबह 8 बजे सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वजारोहण और राष्ट्रगान होगा। ध्वजारोहण कार्यक्रम भारत सरकार और उत्तर प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किए जाएंगे।
विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, वाद-विवाद प्रतियोगिता, चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा जनपद में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। कारागार, वृद्धाश्रम, आश्रय स्थलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा उनके परिजनों को सम्मानित कर उनके योगदान को याद किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि 13 अगस्त तक नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, शहीद स्मारकों, महापुरुषों की प्रतिमाओं और सरकारी भवनों के आसपास साफ-सफाई, चूना छिड़काव एवं सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्ण करा लिया जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर बिजली, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


