36 C
Lucknow
Wednesday, April 29, 2026

भीषण गर्मी में लाइनमैन से घास छिलवाने का आरोप, वीडियो वायरल, बिजली विभाग पर उठे सवाल

Must read

फर्रुखाबाद। कायमगंज क्षेत्र से बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। रूटौल बिजली उपकेंद्र में संविदा कर्मियों से घास छिलवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह कार्य जेई जावेद खान के आदेश पर कराया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, भीषण गर्मी के इस दौर में जहां तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, वहीं संविदा लाइनमैनों से उनके मूल कार्य—लाइन फॉल्ट ठीक करने—की बजाय उपकेंद्र परिसर में घास छिलवाई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लाइनमैन तेज धूप में घास काटने के काम में लगे हुए हैं।
इस घटना को लेकर कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि इतनी भीषण गर्मी में इस तरह का कार्य कराना उनके स्वास्थ्य और जीवन के साथ खिलवाड़ है। लाइनमैनों का यह भी आरोप है कि विभागीय उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करते हुए उनसे गैर-जरूरी कार्य करवाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि जहां एक ओर क्षेत्र में बिजली की समस्याएं बनी रहती हैं, वहीं दूसरी ओर लाइनमैनों को उनके असली काम से हटाकर अन्य कार्यों में लगाया जा रहा है, जिससे व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो रही है।
हालांकि इस मामले में अभी तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article