36 C
Lucknow
Wednesday, April 29, 2026

रेलवे रोड को मॉडल रोड बनाने की मांग तेज—व्यापारियों ने पूर्व एमएलसी के समक्ष रखीं प्रमुख समस्याएं

Must read

फर्रुखाबाद। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र रेलवे रोड के विकास को लेकर व्यापारियों की आवाज अब बुलंद होने लगी है। इसी क्रम में गौपाल सिंह राठौड़ के निवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी एवं पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल मौजूद रहे। बैठक में रेलवे रोड के व्यापारियों ने क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को विस्तार से रखा।
व्यापारियों ने रेलवे रोड को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की मांग करते हुए कई अहम प्रस्ताव सामने रखे। उन्होंने क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए स्पेशल लाइट लगाने, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने, सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाने तथा महादेवी वर्मा मूर्ति स्थल के सौंदर्यीकरण की मांग प्रमुख रूप से उठाई।
बैठक में मौजूद व्यापारियों का कहना था कि रेलवे रोड शहर का प्रमुख बाजार होने के बावजूद यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। यदि इन समस्याओं का समाधान हो जाए, तो यह क्षेत्र न केवल व्यवस्थित होगा बल्कि शहर की छवि भी बेहतर होगी।
पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और जल्द से जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुविधाएं और सुरक्षा सर्वोपरि हैं, इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में जिला अध्यक्ष सदानंद शुक्ला, जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा, राजू गौतम, विमलेश मिश्रा, गौपाल सिंह राठौड़, नितेश वर्मा, महेंद्र सिंह भदोरिया, अरविंद गुलाटी सहित लगभग आधा सैकड़ा व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापारियों ने एकजुट होकर क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article