कर्नाटक।राजनीति में बड़ा उलटफेर होता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री सिद्दारमईया और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार के बीच सत्ता हस्तांतरण को लेकर चर्चाएं अब खुलकर सामने आने लगी हैं। राजनीतिक गलियारों में यह खबर तेजी से फैल रही है कि सिद्धारमैया ने डीके शिवकुमार को “आशीर्वाद” दे दिया है और जल्द ही कर्नाटक को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस हाईकमान लंबे समय से कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के फार्मूले पर काम कर रहा था। अब माना जा रहा है कि पार्टी संगठन और सत्ता के बीच संतुलन बनाने के लिए डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
कांग्रेस के भीतर डीके शिवकुमार को मजबूत संगठनकर्ता और संकटमोचक नेता माना जाता है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत के पीछे भी उनकी रणनीतिक भूमिका को अहम माना गया था। यही वजह है कि लंबे समय से उनके समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठा रहे थे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि सत्ता हस्तांतरण होता है तो यह केवल नेतृत्व परिवर्तन नहीं बल्कि 2029 की राजनीति को ध्यान में रखकर कांग्रेस की बड़ी रणनीति होगी। पार्टी दक्षिण भारत में अपना जनाधार और मजबूत करने के लिए नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने की तैयारी में दिखाई दे रही है।
हालांकि अभी तक कांग्रेस हाईकमान की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन बेंगलुरु से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजर कांग्रेस नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हुई है।


