28.8 C
Lucknow
Tuesday, October 13, 2026

ऑनर किलिंग का सनसनीखेज खुलासा, जंगल में गड़ा मिला शव, दो आरोपियों ने कबूला सच

Must read

औरैया: औरैया (Auraiya) जिले के बेला थाना क्षेत्र में युवती की हत्या (Murder) कर उसका शव जंगल में दफनाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतका के पिता चंद्र प्रकाश और उसके फुफेरे भाई दीपक ने कथित तौर पर युवती की गला दबाकर हत्या की थी। 20 सितंबर को दलपपुर गांव के पास वन विभाग के जंगल में शव मिला था, जिसके करीब 23 दिन बाद पुलिस ने मामले का खुलासा किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के अनुसार, 20 सितंबर को दलपपुर गांव के पास वन विभाग के जंगल में जमीन के अंदर दबा युवती का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। इसके बाद मृतका की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए गए। जांच के दौरान युवती की पहचान कन्नौज जिले के कपूरपुरा गांव निवासी शिवानी के रूप में हुई। उसके भाई रजत ने शव की पहचान अपनी बहन के तौर पर की। इसके बाद रजत की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चंद्र प्रकाश और दीपक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस की जांच में सामने आया कि शिवानी की हत्या 20 सितंबर को की गई थी। पुलिस के मुताबिक, चंद्र प्रकाश और दीपक ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में दफना दिया था। पूछताछ में आरोपी पिता ने बताया कि उनकी बेटी अक्सर बिना बताए घर से चली जाती थी। उनके मुताबिक, इससे समाज में उनकी बदनामी हो रही थी।

पुलिस के अनुसार, इसी वजह से उन्होंने बहाने से बेटी को ले जाकर उसकी हत्या कर दी और शव को जंगल में दफना दिया। इस घटना में मृतका के फुफेरे भाई ने भी उनका साथ दिया। एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि करीब 23 दिन तक चली जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article