सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई, फायर एनओसी और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले
रायबरेली। लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में चल रहे विशेष फायर सेफ्टी एवं भवन मानक जांच अभियान के तहत रायबरेली जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। महराजगंज तहसील क्षेत्र में एसडीएम के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान चार मानकविहीन कोचिंग सेंटर और एक ई-लाइब्रेरी को सील कर दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संबंधित संस्थानों में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी पाई गई। कई संस्थानों के पास फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। साथ ही भवन सुरक्षा से जुड़े मानकों में भी गंभीर खामियां सामने आईं।
एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व, अग्निशमन और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सीलिंग की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने संबंधित संचालकों को चेतावनी दी है कि सभी निर्धारित मानकों और आवश्यक अनुमतियों का पालन सुनिश्चित करें। नियमों की अनदेखी करने वाले अन्य संस्थानों के विरुद्ध भी अभियान लगातार जारी रहेगा।


