फर्रुखाबाद। मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र स्थित सीपी इंटरनेशनल स्कूल में हॉस्टल के वार्डन पर दर्जनों मासूम बच्चों की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों में आक्रोश फैल गया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
आरोप है कि हॉस्टल में बिजली चले जाने के दौरान बच्चों द्वारा शोर मचाने पर वार्डन ने गुस्से में करीब पांच दर्जन छात्रों की डंडों से पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि कई बच्चों को चोटें भी आई हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूछताछ के लिए स्कूल के एक कर्मचारी को हिरासत में लिया है। मामले में बच्चों और स्कूल स्टाफ से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
बताया जा रहा है कि संबंधित स्कूल भाजपा नेत्री मिथलेश अग्रवाल का है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बच्चों के बयान, चिकित्सकीय परीक्षण तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्कूल प्रबंधन की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार है।
स्कूल हॉस्टल के वार्डन पर बच्चों की पिटाई का आरोप, पुलिस ने कर्मचारी को हिरासत में लिया


