चौकीदार ने अस्पताल पहुंचाया
फर्रुखाबाद। बढ़पुर क्षेत्र में रविवार को सड़क किनारे एक अज्ञात युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे चौकीदार सरवन ने युवक को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। डायल 112 पुलिस उसे थाने लेकर गई, जहां से 108 एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। पुलिस अब युवक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
चौकीदार सरवन ने बताया कि युवक नहारैया गांव के पास सड़क किनारे घायल हालत में पड़ा मिला था। उसकी हालत देखकर पुलिस को सूचना दी गई। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई। इसके बाद उसकी हालत को देखते हुए 108 एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने घायल युवक को वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर रितिक दीक्षित ने बताया कि युवक का इलाज किया जा रहा है। फिलहाल वह अपना नाम-पता बताने की स्थिति में नहीं है। होश आने के बाद ही उसके बारे में जानकारी मिल सकेगी।
कादरीगेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि अस्पताल से अज्ञात घायल युवक के संबंध में पुलिस को सूचना मिली है। युवक का लोहिया अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के लिए प्रयास कर रही है। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी और युवक के घायल होने की परिस्थितियों का भी पता लगाया जाएगा।


