लखनऊ: उत्तर प्रदेश के D.El.Ed (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) कॉलेजों और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (Diet) में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की काउंसलिंग सोमवार, 7 सितंबर से शुरू होगी। परीक्षा नियामक प्राधिकारी (PNP) के सचिव राजेंद्र प्रताप ने एडमिशन प्रक्रिया का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है।
PNP सचिव के मुताबिक, दूसरे चरण में शुरुआत में दूसरे प्रदेशों के अभ्यर्थियों के साथ अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के अभ्यर्थियों को काउंसलिंग का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद 11 सितंबर से प्रदेश के सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी।
दूसरे चरण की काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया 25 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद डीएलएड संस्थानों में नियमित कक्षाएं 28 सितंबर से शुरू होंगी। पीएनपी ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के भीतर कॉलेज में पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेशभर के डीएलएड संस्थानों में कुल 2,39,500 सीटें उपलब्ध हैं, जबकि एडमिशन के लिए करीब 1,70,000 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। पहले चरण की काउंसलिंग में 48,482 अभ्यर्थियों ने अपनी सीट पक्की की थी। इनमें सरकारी डायट की 7,420 और निजी कॉलेजों की 41,062 सीटें शामिल हैं।
पहले चरण के बाद बची सीटों को अब दूसरे चरण की काउंसलिंग के जरिए भरा जाएगा। पीएनपी सचिव ने डायट और निजी डीएलएड कॉलेजों को निर्देश दिया है कि वे 28 सितंबर से नियमित कक्षाएं अनिवार्य रूप से शुरू करें। छात्र-छात्राओं को भी समय से कक्षाओं में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।


