परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
फर्रुखाबाद। संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल मैनपुरी के 26 वर्षीय युवक पुष्पेंद्र राजपूत की शनिवार देर रात लोहिया अस्पताल में मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के रुई सिनौरा गांव निवासी पुष्पेंद्र को 30 अगस्त की रात घर के पास स्थित गोदाम में बैठे समय गोली लगी थी। परिजनों के मुताबिक, कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर गाली-गलौज की और एक हमलावर ने पीछे से गोली चला दी। गोली पीठ में लगने से पुष्पेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया था।
परिजन उसे पहले मैनपुरी और फिर सैफई ले गए। हालत में सुधार नहीं होने पर कानपुर में भी उपचार कराया गया। शनिवार देर रात हालत बिगड़ने पर चाचा नवरतन सिंह समेत अन्य परिजन उसे फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चाचा के अनुसार पुष्पेंद्र ने अप्रैल 2025 में भोगांव क्षेत्र के ही एक गांव की युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही परिवार में विवाद चलने का आरोप लगाया गया है। परिजनों ने युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुष्पेंद्र की मौत से मां किताबश्री, दिव्यांग बड़े भाई अलबेले राजपूत समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता रामवीर सिंह राजपूत और चाचा भी बेटे की मौत से सदमे में हैं। पुलिस मामले में गोली लगने की परिस्थितियों और परिजनों के आरोपों की जांच कर रही है।


