नई दिल्ली। संसद परिसर में बुधवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के सांसदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे और विभिन्न मुद्दों पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, वरिष्ठ सांसद रामगोपाल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव सहित कांग्रेस और सपा के कई सांसद शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि “सरकार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को क्यों नहीं हटा रही है?” उन्होंने कहा कि शिक्षा और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
संसद परिसर में विपक्षी दलों के इस प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। बड़ी संख्या में सांसदों की मौजूदगी से परिसर में राजनीतिक हलचल तेज रही। विपक्ष ने संकेत दिए कि जनहित और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर उसका विरोध आगे भी जारी रहेगा।


