24 एंटी-वेनम डोज के बाद भी हालत बिगड़ी
लोहिया अस्पताल में छह घंटे चला इलाज, सुधार न होने पर चिकित्सकों ने हायर सेंटर किया रेफर
फर्रुखाबाद। घर में चारपाई पर सो रहे 24 वर्षीय युवक को सांप ने दो जगह डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने करीब छह घंटे तक उपचार किया। इस दौरान युवक को एंटी-वेनम की 24 डोज दी गईं, लेकिन हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
कन्नौज के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव निवासी उवैस शनिवार रात घर में चारपाई पर सो रहा था। रात करीब ढाई बजे अचानक सांप ने उसे दो स्थानों पर डस लिया। नींद खुलने पर उवैस ने चारपाई पर सांप को देखा तो उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी।
परिजन बिना देर किए उसे ऑटो से फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया। शनिवार रात करीब तीन बजे से रविवार सुबह नौ बजे तक उसका इलाज चलता रहा।
छह घंटे में दी गईं 24 एंटी-वेनम डोज
अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को लगातार निगरानी में रखा और करीब छह घंटे के दौरान एंटी-वेनम की 24 डोज दीं। इसके बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया।
रेफर किए जाने के बाद परिजन युवक को लेकर आगे के इलाज के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश और बाढ़ के दौरान सांप निकलने की घटनाएं बढ़ने से लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।


