30 C
Lucknow
Sunday, September 6, 2026

बाढ़ प्रभावित 23,811 लोगों को मिला इलाज, 198 मेडिकल टीमें मैदान में

Must read

 

432 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर व भ्रमण, 19,363 ओआरएस पैकेट और 29,419 क्लोरीन टैबलेट वितरित

फर्रुखाबाद। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को बीमारियों से बचाने और समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय की निगरानी में गठित 198 मेडिकल टीमें लगातार बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण कर लोगों की जांच और उपचार कर रही हैं। अब तक 23,811 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में अब तक 432 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए अथवा भ्रमण कर ग्रामीणों की जांच की। बाढ़ के कारण दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की आशंका को देखते हुए विभाग की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है। टीमों द्वारा बुखार, डायरिया, त्वचा संबंधी संक्रमण, कमजोरी और डिहाइड्रेशन समेत अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित लोगों की जांच की जा रही है।

डायरिया और डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए अब तक 19,363 ओआरएस पैकेट वितरित किए गए हैं। वहीं, पीने के पानी को सुरक्षित बनाने के लिए ग्रामीणों को 29,419 क्लोरीन टैबलेट उपलब्ध कराई गई हैं। स्वास्थ्य कर्मी लोगों को साफ पानी पीने, पानी को उबालकर अथवा क्लोरीन मिलाकर इस्तेमाल करने और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक भी कर रहे हैं।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को निर्देश दिए हैं कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए। गंभीर मरीजों की पहचान कर उन्हें जरूरत के अनुसार उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद जलजनित और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में मेडिकल टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करती रहें और दवाओं, ओआरएस तथा क्लोरीन टैबलेट की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखें। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और लगातार चल रहे अभियान से बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर उपचार और जरूरी स्वास्थ्य सामग्री उपलब्ध हो रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article