फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय, संविधान और समाजवादी विचारधारा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए वरिष्ठ समाजवादी कार्यकर्ताओं के सम्मान का बड़ा अभियान शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज और संगठन के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करना है।
उर्मिला राजपूत ने कहा कि विद्यार्थी जीवन से ही उन्होंने महिलाओं, किसानों, मजदूरों, युवाओं, छात्रों और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है। जनहित के मुद्दों को लेकर उन्होंने सैकड़ों आंदोलन किए और डेढ़ दर्जन से अधिक बार जेल यात्रा भी की। उनका कहना था कि लोकतंत्र में जनआंदोलन ही जनता की सबसे बड़ी शक्ति है।
उन्होंने समाजवादी आंदोलन के संस्थापक विचारकों और नेताओं को याद करते हुए कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया की समाजवादी विचारधारा तथा दिवंगत नेताजी मुलायम सिंह यादव का मार्गदर्शन उनके सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं।
अपने जन्मदिवस समारोह के दौरान उर्मिला राजपूत ने भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी जोन एवं सेक्टर प्रभारियों को समाजवादी अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व सांसद मुन्नू बाबू तथा वरिष्ठ समाजवादी नेता रामसेवक यादव सहित कई वरिष्ठ नेताओं का भी सम्मान किया गया।
उर्मिला राजपूत ने घोषणा की कि उनके विधायक कार्यकाल में जिन वरिष्ठ समाजवादी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जिनकी आयु 80 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है, उनका गांव-गांव जाकर सार्वजनिक सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाजवादी आंदोलन के समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और त्याग से प्रेरित करने का माध्यम बनेगा।


