29.6 C
Lucknow
Friday, October 16, 2026

बदमाशों ने दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप पर बोला धावा, 40 लाख के गहने और नकदी लेकर फरार

Must read

बेगूसराय‌: बेगूसराय (Begusarai) जिले के फुलवड़िया थाना क्षेत्र स्थित फुलवड़िया बाजार में शुक्रवार को दिन में करीब एक बजकर 45 मिनट पर दो बाइकों पर सवार होकर छह हथियारबंद बदमाश (Rogue) पहुंचे। उन्होंने हेलमेट और मास्क पहन रखे थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। अपराधियों ने मां पार्वती ज्वेलर्स को अपना निशाना बनाया और दुकान में घुसकर करीब 40 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी लूट लिए।

दुकान के बाहर खड़े चार बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ लगभग 15 राउंड फायरिंग की। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान दुकान के भीतर मौजूद मालिक, कर्मचारी और ग्राहक अपनी जान बचाने के लिए तुरंत बाहर की तरफ भागे। बदमाश इतने बेखौफ थे कि उन्होंने अंदर घुसकर काउंटर और तिजोरी में तोड़फोड़ भी की।

दुकान के मालिक भवेश कुमार ने बताया कि घटना के वक्त दुकान में एक कर्मचारी और सुनीता देवी सहित चार-पांच ग्राहक मौजूद थे। अपराधियों ने गनपॉइंट पर काउंटर और तिजोरी से लगभग दो सौ ग्राम सोना, दो किलो चांदी और गल्ले में रखे एक लाख रुपये नकद एक बैग में भरे और मौके से फरार हो गए। इस अचानक हुए हमले से किसी को भी विरोध करने का मौका नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहनता से जांच शुरू की। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और हार्ड डिस्क को अपने कब्जे में ले लिया है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पीड़ित दुकानदार के मुताबिक, पुलिस ने जल्द ही लूटे गए आभूषण और नकदी बरामद करने का भरोसा दिलाया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article