34.7 C
Lucknow
Wednesday, July 15, 2026

अभ्युदय कोचिंग सेंटर का शुभारंभ: “जीवन की संभावनाओं का सूर्योदय है अभ्युदय”, बोले डीएम डॉ. अंकुर लाठर

Must read

फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सत्र 2026-27 के लिए जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में अभ्युदय कोचिंग सेंटर का शुभारंभ बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पूरी लगन, अनुशासन और समर्पण के साथ करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि “अभ्युदय का तात्पर्य जीवन की संभावनाओं का सूर्योदय है।” उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन, समर्पण और तकनीक का समुचित उपयोग ही प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की कुंजी है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत और आत्मविश्लेषण ही मंजिल तक पहुंचाता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि केवल किताबें पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पढ़ाई का विश्लेषण करें और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान शिक्षकों से अवश्य प्राप्त करें।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश दिए कि कोचिंग सेंटर का संचालन पूरी गुणवत्ता एवं नियमितता के साथ किया जाए तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि छात्रों की शंकाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनकी तैयारी और अधिक प्रभावी बन सके।

मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने कहा कि अभ्युदय कोचिंग जनपद के विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर है। उन्होंने सलाह दी कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थी पाठ्यक्रम के साथ-साथ पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का भी अध्ययन करें और कम लेकिन गुणवत्तापूर्ण अध्ययन पर ध्यान दें।

जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने कहा कि विद्यार्थी एक बड़े लक्ष्य की ओर अग्रसर हैं और उन्हें अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों से जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेरणा स्रोत मानकर लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के उद्देश्य, कोचिंग सेंटर की कार्यप्रणाली एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षकगण, अभ्युदय योजना के संकाय सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article