नवाबगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात तीन वर्षीय बालिका के साथ उसके चाचा द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बालिका की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, शनिवार रात करीब आठ बजे बालिका छत पर खेल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान उसे अकेला पाकर उसके चाचा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बालिका रोते हुए अपनी मां के पास पहुंची। मां ने कारण पूछा तो बालिका ने घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने बालिका की स्थिति देखी और उसे लेकर थाने पहुंचे।
पुलिस ने बालिका को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया। रात में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर मोहम्मदाबाद क्षेत्राधिकारी अजय बर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार थाने पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बालिका का मेडिकल कराया जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


