मोहम्मदाबाद। कस्बे के राजीव नगर में रविवार सुबह घर पर अकेली 25 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
राजीव नगर निवासी रामकुमार की 25 वर्षीय पुत्री पूजा घर पर अकेली थी। बताया गया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे रामकुमार और उनकी पत्नी राधा देवी दवा लेने फर्रुखाबाद गए थे। करीब 11 बजे वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने के बाद भी पूजा ने कोई जवाब नहीं दिया। खिड़की से देखने पर वह छत में लगे कुंडे से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी मिली।
परिजनों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और थाना पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने वीडियोग्राफी कराते हुए कमरे का दरवाजा खुलवाया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पूजा चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। उसके दो छोटे भाई सागर और सूरज बाहर नौकरी करते हैं, जबकि बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। मौके पर पहुंचे डीएसपी अमोद कुमार सिंह ने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली।
परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले पूजा को फोन पर किसी युवक से बात करते हुए उसके पिता ने देखा था। इसको लेकर उन्होंने उसे डांटकर फोन अपने पास रख लिया था। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी युवक से बातचीत को लेकर परिजनों ने उसे समझाया था। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
उप निरीक्षक हरीश कुमार ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


