फर्रुखाबाद। जनपद के थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में चोरों ने लंबे समय से बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और इत्मीनान से कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला चीनीग्राम निवासी सुजाता भारद्वाज का बीवीगंज स्थित मकान काफी समय से बंद पड़ा था। बुधवार सुबह आसपास के लोगों ने उन्हें सूचना दी कि उनके मकान का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है और घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं और मकान की स्थिति देखकर दंग रह गईं।
पीड़िता ने बताया कि अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और वॉशिंग मशीन, इनवर्टर, बैटरी, एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा सहित रसोई का अन्य सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा चोरों ने घर में रखी अलमारी का ताला भी तोड़ दिया और उसमें रखा सामान भी समेट लिया। घर में रखे बक्सों का सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा मिला, जिससे साफ है कि चोरों ने पूरे मकान की बारीकी से तलाशी ली।
घटना के बाद सुजाता भारद्वाज ने थाना मऊदरवाजा पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कर शीघ्र खुलासे की मांग की। उन्होंने बताया कि चोरी से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि संबंधित मकान लंबे समय से बंद था। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों का सामान समेट ले गए; ताला तोड़कर वारदात से इलाके में दहशत


