शमशाबाद, फर्रुखाबाद।
फर्रुखाबाद जनपद के शमशाबाद थाना क्षेत्र से पति-पत्नी के विवाद का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। आमतौर पर घरेलू विवादों में महिलाओं द्वारा पुलिस से सुरक्षा की मांग की जाती है, लेकिन इस बार एक पीड़ित पति ने अपनी ही पत्नी से बचाने के लिए डायल 112 पर फोन कर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी एक गलती के बाद से उसकी पत्नी लगातार नाराज चल रही है। आरोप है कि जैसे ही वह घर पहुंचता है, पत्नी दरवाजे पर ही गाली-गलौज शुरू कर देती है। इतना ही नहीं, विरोध करने पर ईंट-पत्थर तक फेंकती है, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो चुका है।
युवक का कहना है कि उसने अपनी गलती स्वीकार कर कई बार पत्नी से माफी भी मांगी, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। पत्नी का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है और अब हालात ऐसे हो गए हैं कि वह कई दिनों से अपना घर छोड़कर इधर-उधर रहने को मजबूर है।
मामले की जानकारी मिलने पर पत्नी के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंचे। ग्रामीणों और सम्मानित लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश की गई, लेकिन आरोप है कि महिला किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई। इसके चलते विवाद और गहरा गया।
ग्रामीणों के अनुसार महिला ने भी अपने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। ऐसे में दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान लेकर सच्चाई जानने का प्रयास कर रही है।
पीड़ित पति की पुलिस से लगाई गई गुहार—”साहब, मुझे मेरी बीबी से बचाओ, अकड़ती है, झगड़ती है और हमेशा मुझसे लड़ती है”—अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, मामले में अभी किसी पक्ष के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
“साहब! मुझे मेरी बीबी से बचा लो…” पत्नी से परेशान पति ने डायल 112 पर लगाई गुहार, गांव में बना चर्चा का विषय


