शमशाबाद, फर्रुखाबाद।
नगर के ऐतिहासिक बाबा विशेश्वर नाथ मंदिर में सोमवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों की विधि-विधान के साथ स्थापना संपन्न कराई गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा विशेश्वर नाथ मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा मुख्य बाजार के प्रमुख मार्गों से होते हुए शमशाबाद थाना चौराहा पहुंची और वहां से पुनः मंदिर परिसर में आकर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।
शोभायात्रा का नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और भक्ति गीतों के जयघोष से गूंज उठा।
मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता अन्नपूर्णा देवी, पंचमुखी परमभक्त हनुमान सहित विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों की स्थापना विधिवत कराई गई। इस दौरान पंडितों द्वारा विशेष पूजन-अर्चन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।
कार्यक्रम के आयोजन में मंदिर समिति के सदस्यों के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मूर्ति स्थापना के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित किया।
भव्य शोभायात्रा के साथ बाबा विशेश्वर नाथ मंदिर में मूर्ति स्थापना संपन्न, श्रद्धा और भक्ति से गूंजा शमशाबाद


