40 C
Lucknow
Monday, April 20, 2026

पिता की मौत के सदमे में 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध हालात में मौत, परिवार में मचा कोहराम

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद।
थाना शमशाबाद क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पिता की मौत के गम में डूबी एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हालत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर सैदवाड़ा निवासी स्व. मनीष कुमार की पुत्री काजल (19) की रविवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि शाम करीब 8 बजे जब परिवार के लोग भोजन के बाद विश्राम की तैयारी कर रहे थे, उसी दौरान काजल की हालत संदिग्ध रूप से खराब हो गई। परिजनों के शोर-शराबे के बीच उसे गंभीर हालत में तत्काल कायमगंज के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
बताया जाता है कि काजल के पिता मनीष कुमार की लगभग दो महीने पहले कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर ग्राम पपड़ी के निकट एक अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई थी। वह एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर रात करीब 11 बजे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी हादसा हुआ था। पिता की असमय मौत के बाद से ही काजल गहरे सदमे में थी।
परिवार के अनुसार, घर की जिम्मेदारियों और भविष्य की चिंता को लेकर वह लगातार मानसिक तनाव में रह रही थी। परिवार की आजीविका का मुख्य साधन खेती था और पिता की मौत के बाद पूरा बोझ परिवार पर आ गया था, जिससे युवती काफी परेशान रहने लगी थी।
मृतका का एक छोटा भाई है, जो बहन के शव को देखकर फूट-फूटकर रोता रहा। वहीं मां का भी रो-रोकर बुरा हाल है, वह बार-बार अपनी किस्मत को कोसती नजर आई। इस हृदयविदारक दृश्य ने वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर दीं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवती की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को ढाई घाट शमशाबाद में युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article