34.7 C
Lucknow
Wednesday, July 15, 2026

बिजली विभाग की लापरवाही से दिन-रात जल रही विधायक निधि की स्ट्रीट लाइट, ऊर्जा संरक्षण के दावों पर उठे सवाल

Must read

क्रासर
स्मार्ट मीटर लगने के बाद बंद हुआ ऑन-ऑफ सिस्टम, फैज बाग चौराहे की स्ट्रीट लाइट बनी चर्चा का विषय
शमशाबाद, फर्रुखाबाद।
प्रदेश सरकार जहां एक ओर बिजली बचाने और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए लगातार अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर शमशाबाद क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही इन प्रयासों पर सवाल खड़े कर रही है। कस्बे के फैज बाग चौराहे के निकट विधायक निधि से स्थापित सार्वजनिक स्ट्रीट लाइट पिछले कई दिनों से दिन-रात लगातार जल रही है। इस कारण न केवल बिजली की अनावश्यक खपत हो रही है, बल्कि सरकारी धन के दुरुपयोग को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले इस स्ट्रीट लाइट के पोल के निचले हिस्से में ऑन-ऑफ सिस्टम लगा हुआ था। प्रतिदिन शाम को लाइट चालू की जाती थी और सुबह होते ही उसे बंद कर दिया जाता था। इससे बिजली की बचत भी होती थी और व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती थी। लेकिन कुछ समय पहले बिजली विभाग के कर्मचारियों ने सार्वजनिक लाइट के पोल पर स्मार्ट मीटर लगा दिया। इसके बाद से ऑन-ऑफ सिस्टम पूरी तरह निष्क्रिय हो गया और अब यह स्ट्रीट लाइट चौबीसों घंटे जलती रहती है।
लोगों का कहना है कि सुबह, दोपहर, शाम या रात किसी भी समय इस स्ट्रीट लाइट को जलते हुए देखा जा सकता है। कई बार स्थानीय नागरिकों ने इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को भी दी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया। लगातार जल रही स्ट्रीट लाइट विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।
मामले में जब विद्युत केंद्र के जूनियर इंजीनियर (जेई) से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन नगर पंचायत अथवा ग्राम पंचायत का हो सकता है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित स्थान नगर पंचायत सीमा में नहीं आता, बल्कि दो ग्राम सभाओं के बीच स्थित है। ऐसे में आखिर इस स्ट्रीट लाइट की जिम्मेदारी किस विभाग की है और इसकी देखरेख कौन करेगा, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सरकार बिजली बचाने और ऊर्जा संरक्षण के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर जागरूकता अभियान चला रही है, जबकि दूसरी ओर विभागीय लापरवाही के कारण सार्वजनिक स्ट्रीट लाइट बेवजह दिन-रात जल रही है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो इससे बिजली की अनावश्यक बर्बादी के साथ सरकारी राजस्व का भी नुकसान होता रहेगा।
फिलहाल फैज बाग चौराहे पर दिन-रात जलती रहने वाली यह स्ट्रीट लाइट पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कराते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा ऑन-ऑफ सिस्टम को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि ऊर्जा संरक्षण के सरकारी अभियान को धरातल पर भी प्रभावी बनाया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article