– ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को मिलेगी रफ्तार
फर्रुखाबाद। जनपद की ग्रामीण स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शासन के निर्देश एवं जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में जिले की सभी 545 ग्राम पंचायतों को ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों के लिए ₹6,11,21,880 की धनराशि क्रेडिट लिमिट के रूप में उपलब्ध करा दी गई है। इस धनराशि का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में स्वच्छता संबंधी कार्यों को तेज गति से पूरा कर ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल बनाना है।
ग्राम पंचायतें इस राशि का उपयोग ग्राम स्वच्छता कार्ययोजना के अंतर्गत रिसोर्स रिकवरी सेंटर निर्माण, सिल्ट कैचर, फिल्टर चैंबर, सोख्ता गड्ढा, वर्मी कम्पोस्ट, नाडेप, खाद गड्ढा, लीच पिट, ई-रिक्शा, हैंडपम्पों के सोकपिट, स्वच्छता किट, इंसीनेरेटर, कचरा पात्र, तालाबों के सौंदर्यीकरण सहित एसएलडब्ल्यूएम से जुड़े अन्य विकास कार्यों में करेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम सचिव और कंसल्टिंग इंजीनियर द्वारा उनका भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद आवश्यक अभिलेख एवं विवरण एसएनए स्पर्श 2.0 पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे, जिससे कार्यों की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए हैं कि स्वच्छता से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके। यह पहल ग्रामीण स्वच्छता अभियान को नई गति देने के साथ गांवों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन को मजबूत करेगी।


