शाहजहांपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जानलेवा हमला, मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने देर रात दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर सौरभ दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मामला 24 फरवरी 2026 का है, जब मोहल्ला खलील शर्की निवासी हिमांशु तिवारी ने थाना कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके साथ जानलेवा हमला, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच और साक्ष्य संकलन के दौरान प्रकाश में आए वांछित आरोपी अर्पण सिंह पुत्र लखविन्दर सिंह निवासी ग्राम पिंगरी पिंगरा थाना तिलहर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लखीमपुर खीरी के थाना सिंगाही क्षेत्र के ग्राम दलराजपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी मंगलवार रात करीब 10 बजे जसपाल सिंह के मकान के बाहर से की गई।
गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार राय, उपनिरीक्षक कुमार गौरव, उपनिरीक्षक भूपेन्द्र राणा, उपनिरीक्षक कृष्णचन्द्र तिवारी सहित शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। शाहजहांपुर पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है, जिससे जिले में कानून व्यवस्था मजबूत होती दिखाई दे रही है।


