राजेपुर बाजार में बिगड़ी हालत, लोहिया अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम; परिवार में मचा कोहराम
अमृतपुर फर्रुखाबाद
थाना राजेपुर क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया तथा गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम भूढ़िया भेड़ा निवासी 24 वर्षीय अजीत पुत्र इंद्रपाल निजी स्तर पर पशुओं का इलाज करने का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में चल रहा था। बुधवार दोपहर करीब दो बजे वह किसी काम से राजेपुर बाजार आया था। इसी दौरान उसने कथित रूप से सल्फास की गोलियां खा लीं।
कुछ देर बाद राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह सड़क किनारे गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में अजीत को निजी वाहन से फर्रुखाबाद स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
अजीत तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां किरन समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई।थानाध्यक्ष नागेन्द्र सिंह ने बताया कि अभी तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


