नवागत प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में 24 घंटे के भीतर कार्रवाई
शाहजहांपुर। कोतवाली जलालाबाद पुलिस ने चार्ज संभालने के महज 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत तार चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के 11 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया विद्युत तार, अन्य सामग्री और करीब दो लाख रुपये नकद बरामद किए हैं पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में दो बदमाश बरेली जनपद के रहने वाले हैं, जबकि अन्य आरोपी शाहजहांपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से जुड़े हैं। आरोपियों को उस समय दबोचा गया, जब वे चोरी किया गया तार बेचने के लिए पहुंचे थे।
मदनापुर के अवर अभियंता ब्रजमोहन पांचाल ने चार मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि मदनापुर से जलालाबाद जाने वाली 33 केवी लाइन के करीब 12 पोलों से डॉग कंडक्टर विद्युत तार और अन्य सामग्री चोरी कर ली गई थी। साथ ही पांच पोल क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे। वहीं जलालाबाद के अवर अभियंता जगदीश सिंह ने भी तार चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तार चोरी करने वाले आरोपी हीरानगर स्थित पाल धर्मकांटे के पास चोरी का सामान बेचने के लिए आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर मौके से 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजीव वर्मा, राहुल गुप्ता, देवांश, विनिश शर्मा, विपिन गुप्ता, संजीव कुमार, रचित सिंह, पंकज मिश्रा और रोहित पाल शाहजहांपुर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। जबकि नसरूद्दीन और अब्दुल रहीम बरेली जनपद के बताए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पूरे खुलासे में नवागत प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह चौहान सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।


