लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के संभावित अंदरूनी संकट को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी से सियासी हलकों में हलचल बढ़ा दी है। राजभर ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी में टूट होना तय है और बागी सांसदों के एक संभावित गुट का नेतृत्व बलिया का एक नेता करेगा।
ओपी राजभर ने अपनी पोस्ट में कहा कि सपा के भीतर असंतोष बढ़ रहा है और हाल ही में पार्टी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के कथित तिरस्कार से कई नेता आहत हैं। उन्होंने संकेत दिया कि पहले से चल रही नाराजगी को इस घटना ने और बढ़ा दिया है। राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस की राजनीति छोड़कर अपने सांसदों को संभालने पर ध्यान देना चाहिए।
बीते कुछ दिनों से भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेताओं द्वारा सपा में संभावित टूट के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि समाजवादी पार्टी इन दावों को राजनीतिक प्रचार करार देते हुए खारिज करती रही है। इसके बावजूद ओपी राजभर के ताजा बयान ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी है। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में बढ़ती बयानबाजी और दलों के बीच तीखे हमले सियासी माहौल को और गर्म कर रहे हैं।


