फर्रुखाबाद
फतेहगढ़ स्थित सिखलाई रेजिमेंट में तैनात एक अग्निवीर का शव बैरक के अंदर फंदे से लटका मिलने से सैन्य परिसर और जिले में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान पंजाब के बरनाला जिले के तालेवाल थाना क्षेत्र स्थित भगतगढ़ गांव निवासी 22 वर्षीय जसनप्रीत के रूप में हुई है। वह सिखलाई रेजिमेंट की एडम बटालियन में तैनात था और मार्च माह में प्रशिक्षण के लिए फतेहगढ़ आया था।
जानकारी के अनुसार जसनप्रीत पिछले तीन दिनों से अपनी यूनिट से लापता था। उसकी तलाश रेजिमेंट स्तर पर की जा रही थी। बुधवार को एमटीसी क्वार्टर की एक खाली बैरक से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सेंट्रल जेल चौकी प्रभारी शिवकुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बैरक का दरवाजा खोलने पर अंदर जसनप्रीत का शव फंदे से लटका मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ने लगा था।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बैरक की कुंडी अंदर से बंद थी और अग्निवीर ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
फतेहगढ़ कोतवाल तेज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव सैन्य अधिकारियों को सौंप दिया गया है। सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दो दिन पूर्व फंदा लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है। पुलिस और सैन्य अधिकारी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।


