42.4 C
Lucknow
Thursday, June 25, 2026

पीएमओ के पत्र पर भी ट्रस्ट ने वित्तीय जानकारी देने से किया इनकार

Must read

 

भाजपा नेता की शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने मांगा था ब्योरा, ट्रस्ट महासचिव चंपत राय का जवाब चर्चा में

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक नया घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह की शिकायत पर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ ) से संदर्भित पत्र के आधार पर जिला प्रशासन द्वारा मांगी गई वित्तीय जानकारी देने से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इनकार कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, डॉ. रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर ट्रस्ट की स्थापना से अब तक की आय-व्यय, दान राशि, बैंक खातों, भूमि लेन-देन और अन्य संपत्तियों का विवरण सार्वजनिक किए जाने की मांग की थी। इस शिकायत पर पीएमओ ने पत्र को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को भेजा।

इसके बाद जिला प्रशासन ने ट्रस्ट से वित्तीय विवरण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। हालांकि, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने जवाब में कहा कि मामला पहले से ही विशेष जांच दल की जांच के दायरे में है, इसलिए इस संबंध में कोई अलग से वित्तीय जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा सकती।

इस घटनाक्रम के बाद राम मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं, इस मामले में जिला प्रशासन या प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

उल्लेखनीय है कि राम मंदिर चढ़ावा और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच वर्तमान में एसआईटी द्वारा की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले के तथ्यों और जिम्मेदारियों पर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article