एडीए ने शुरू की कार्रवाई, 10-15 दिन में नोटिस, जवाब नहीं मिलने पर होगा ध्वस्तीकरण
अलीगढ़। लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में अवैध निर्माण और अग्नि सुरक्षा मानकों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अलीगढ़ विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। महानगर में चिन्हित करीब 2000 अवैध निर्माणों के खिलाफ चरणबद्ध कार्रवाई की जाएगी।
एडीए के उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी अवैध निर्माणों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके तहत पहले चरण में अगले 10 से 15 दिनों के भीतर संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए जाएंगे।
प्राधिकरण के अनुसार, नोटिस मिलने के बाद संबंधित पक्ष को अपना जवाब देने के लिए 45 दिनों का समय दिया जाएगा। यदि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है या निर्माण अवैध पाया जाता है, तो संबंधित भवनों पर ध्वस्तीकरण (डिमोलेशन) की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि यह अभियान केवल अवैध निर्माण हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भी चलाया जा रहा है। लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रदेश सरकार के निर्देश पर बहुमंजिला इमारतों, होटल, बैंक्वेट हॉल, कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक भवनों की भी जांच की जा रही है।
एडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान अवैध निर्माणों के साथ-साथ फायर सेफ्टी मानकों की भी जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


