फर्रुखाबाद। गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर गौर सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को कादरी गेट थाना क्षेत्र के लकूला स्थित नर्कशा-लकूला मार्ग पर एक गेस्ट हाउस में सभा का आयोजन किया गया। इसमें वृंदावन धाम से आए संतों ने गौ संरक्षण और गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिए जाने की मांग उठाई। संतों ने 14 दिसंबर को बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचकर सरकार को ज्ञापन सौंपने का आह्वान किया।
कार्यक्रम से पूर्व दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत पीठाधीश्वर ईश्वर दास ब्रह्मचारी ने वृंदावन से आए संत गोपाल नंद सरस्वती महाराज, गोपेश जी महाराज और आचार्य ललित जी महाराज सहित अन्य संतों का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन वैभव समवंशी ने किया।
गोपाल नंद सरस्वती महाराज ने कहा कि सनातन परंपरा में गाय का विशेष महत्व है। गाय को राष्ट्र माता घोषित किए जाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को बड़ी संख्या में संतों के साथ लखनऊ पहुंचकर सरकार को शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन सौंपने की तैयारी है। अभियान के तहत प्रदेश में 51 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
गोपेश जी महाराज ने गौवंश के उपचार के लिए विभिन्न क्षेत्रों में चिकित्सालय स्थापित किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि घायल और बीमार गौवंश को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था होनी चाहिए।
आचार्य ललित जी महाराज ने कहा कि भारतीय परंपरा में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। उन्होंने गौवंश की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए गाय को सम्मानजनक दर्जा दिए जाने की मांग की।
दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत पीठाधीश्वर ईश्वर दास ब्रह्मचारी ने कहा कि प्रदेश में गौवंश की हत्या पर तत्काल रोक लगनी चाहिए और गाय को राष्ट्र माता घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इससे पहले 27 अप्रैल को फर्रुखाबाद के लोगों और संत-महात्माओं की ओर से तहसील में ज्ञापन दिया गया था। इसके बाद 27 जुलाई को जिलाधिकारी को भी इसी मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने कहा कि गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए हस्ताक्षर अभियान लगातार जारी है।
सभा में आचार्य सर्वेश शुक्ला, प्रभात अवस्थी, अमन दुबे, विमलेश मिश्रा, सौरभ मिश्रा, क्रांति पाठक, नारायण दत्त द्विवेदी, अवधेश, दीपक मिश्रा, दीपक शर्मा और डॉ. संजीव त्रिपाठी सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में राजीव मिश्रा और अवधेश पांडे ने सहयोग किया।
गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग, 14 दिसंबर को संतों के साथ लखनऊ पहुंचेंगे समर्थक


