फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र के भूलनपुर गांव में दो दिन से लापता चल रहे 28 वर्षीय किसान प्रवेश राजपूत का शव शनिवार को मक्के के खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक का शव उनके चाचा स्वामी दयाल के खेत में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, प्रवेश राजपूत पुत्र नवीन राजपूत गुरुवार सुबह मक्का काटने की बात कहकर मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार को खेतों की ओर गए ग्रामीणों को मक्के के खेत से दुर्गंध आने का एहसास हुआ। जब लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो खेत में एक शव पड़ा मिला, जिसकी पहचान प्रवेश राजपूत के रूप में हुई।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जबकि उनका मोबाइल फोन शव के पास मिला है। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस, भोजपुर चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक राम सहाय सिंह तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
थाना प्रभारी राम सहाय सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण शव दो दिन तक खेत में पड़ा रहा, जिससे उसकी स्थिति काफी खराब हो गई थी और उसमें कीड़े पड़ने लगे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। मृतक अपने पीछे पत्नी सविता और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें एक की उम्र दो वर्ष और दूसरे की मात्र सात माह बताई जा रही है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


