– आंगनबाड़ी केंद्रों पर अन्नप्राशन, गोदभराई, स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले में विभिन्न विभागीय एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 25 से 28 सितंबर तक जनपद के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही बाल विकास परियोजनाओं के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में जनचौपाल लगाकर लोगों को सरकार की महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
विकासखंड बढ़पुर के ग्राम महलरपुर सहजू के प्राथमिक विद्यालय में जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी एसके तिवारी तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी बढ़पुर श्रीमती सोना भदौरिया मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिला श्रीमती विनिता पत्नी रोहित की गोदभराई कराई गई। वहीं नौ माह की बच्ची गुड़िया पुत्री मोहिनी का अन्नप्राशन कराया गया। ग्राम चौपाल में स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चे को साइकिल प्रदान की गई, जबकि सेम श्रेणी से सुपोषित बच्चों के अभिभावकों को पुरस्कृत किया गया। स्वस्थ बालक-बालिका स्पर्धा भी कराई गई।
विकासखंड नवाबगंज के ग्राम भटासा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद मुकेश राजपूत ने प्रतिभाग किया। नगर पंचायत नवाबगंज के अध्यक्ष शैलेंद्र राजपूत भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में गर्भवती महिला श्रीमती अनु देवी पत्नी अनुज देवी एवं श्रीमती मस्कान पत्नी नाजिम की गोदभराई कराई गई। एक बालक का अन्नप्राशन कराया गया। पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को साड़ी वितरित की गई। वहीं सेम श्रेणी से सुपोषित बच्चों के अभिभावकों को पुरस्कार प्रदान किए गए। स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
इस दौरान सांसद मुकेश राजपूत ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
विकासखंड राजेपुर के ग्राम लीलापुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासक विकासखंड राजेपुर पल्लव सोमवंशी, विधायक अमृतपुर के प्रतिनिधि संदीप शाक्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी राजेपुर तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी अभय यादव ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छह बच्चों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान दो गर्भवती महिलाओं—श्रीमती अनीता पत्नी शिवम एवं श्रीमती पिंकी पत्नी प्रिंस—की गोदभराई कराई गई। साथ ही शौर्य एवं विहान बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।
विकासखंड कमालगंज के ग्राम नहरैया में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, ग्राम प्रधान नन्हे राजपूत, नन्हे राजपूत, सचिव पूजा श्रीवास्तव, एडीओ एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
ग्राम चौपाल में स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 13 बच्चों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई, जबकि छह माह पूर्ण कर चुके पांच बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।
विधायक भोजपुर ने राष्ट्रीय पोषण माह एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।


