फर्रुखाबाद। थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव सिरौंज में चोरों ने एक रिटायर्ड फौजी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। घटना उस समय हुई जब परिवार गंगा पार एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था और घर खाली पड़ा था।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी पिंटू दीक्षित अपने परिवार के साथ शादी समारोह में गए थे। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और कई तालों के टूटे होने की जानकारी हुई। परिजनों ने आशंका जताई कि चोर मकान के जीने की ओर से कुंडा उठाकर घर के अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पीड़ित के पिता एवं रिटायर्ड फौजी शिवगोपाल ने बताया कि चोर घर से एक सोने का हार, एक सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, एक जेंट्स अंगूठी तथा पायल सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ उपनिरीक्षक राकेश कुमार ने घटना की जांच पड़ताल की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस चोरी की घटना के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है।
गौरतलब है कि सिरौंज गांव थाना जहानगंज से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। घटना के संबंध में थाना प्रभारी पूनम अवस्थी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


