33 C
Lucknow
Thursday, May 14, 2026

सिगरेट फेंकने को लेकर सिपाही से मारपीट, तीन हिरासत में

Must read

नवाबगंज नगर के मोहल्ला बरतल बाली गली में बुधवार को सिगरेट फेंकने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि यूपी 112 के एक सिपाही के साथ मारपीट हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ले का एक युवक सिगरेट पीते हुए गली से गुजर रहा था। उसी दौरान बाइक से अपने साथी के साथ निकल रहे यूपी 112 के सिपाही बिल्सन के ऊपर युवक ने जलती हुई सिगरेट फेंक दी। सिगरेट सिपाही के गाल पर जाकर लगी। इस पर सिपाही ने युवक से आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर युवक और उसके साथियों ने सिपाही के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई घटना से गली में भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि कई लोगों ने मिलकर सिपाही को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान बीच-बचाव करने आए मोहल्ले के कुछ लोगों को भी मामूली चोटें आईं।

मारपीट में घायल सिपाही बिल्सन किसी तरह मौके से निकलकर थाने पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। घायल सिपाही को मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि सिगरेट फेंकने को लेकर विवाद होने की सूचना मिली है। मामले में घायल दो लोगों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article