फर्रुखाबाद।
विकासखंड शमशाबाद क्षेत्र के गांव कुइयां धीर में उचित दर राशन वितरण को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने कोटेदार के पुत्र पर राशन की कालाबाजारी और घटतौली के आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत कर जांच एवं सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया है कि गांव में उचित दर विक्रेता के रूप में कृपान्ती देवी के नाम से दुकान संख्या 20290156 आवंटित थी। आरोप है कि उनके पुत्र राजीव लंबे समय से सरकारी राशन की कालाबाजारी कर रहा है और लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन देता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब भी कोई व्यक्ति घटतौली की शिकायत करता है, तो आरोपी नाराज होकर उसे राशन देने से मना कर देता है, जिससे कई परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते आरोपी के हौसले और बढ़ गए हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि करीब 15 दिन पूर्व कोटेदार कृपान्ती देवी का निधन हो गया है, जिसके बाद उनका पुत्र राजीव पूरी तरह से दुकान का संचालन कर रहा है और मनमानी तरीके से राशन वितरण में अनियमितताएं कर रहा है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने तथा पात्र लाभार्थियों को न्याय दिलाने की मांग की है।
कोटेदार पुत्र पर कालाबाजारी के आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से की जांच व कार्रवाई की मांग


