– विधायक के सामने बिजली गुल, स्टॉलों पर पसरी अव्यवस्था
– वरिष्ठ लिपिक का पैर कुर्सी पर रखकर आराम करते वीडियो का दावा भी चर्चा में
मोहम्मदाबाद। विकासखंड कार्यालय के सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 से 7 अक्टूबर तक विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों की व्यवस्थाओं पर शनिवार को सवाल खड़े हो गए। 3 अक्टूबर को भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर करीब दोपहर 12 बजे कार्यक्रम में पहुंचे और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां कुछ स्टॉलों पर विभागीय योजनाओं और उत्पादों की जानकारी दी गई, वहीं पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं की कमी सामने आने की बात कही गई।
विधायक ने निर्वाचन विभाग के स्टॉल पर पंजीकरण की स्थिति की जानकारी ली। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के अंतर्गत उगरपुर गांव के नवज्योति महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार एलईडी बल्बों को भी देखा और उनकी सराहना की।
कार्यक्रम में उद्यान विभाग, वीबी-जी राम जी (मनरेगा), स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, मत्स्य विभाग समेत कई विभागों के स्टॉल लगाए गए थे।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता मिशन के खंड प्रेरक अरविंद अवस्थी के स्टॉल पर कर्मचारी मौजूद नहीं दिखाई देने की बात सामने आई। वहीं मनरेगा के स्टॉल पर भी व्यवस्थाएं महज औपचारिकता तक सीमित नजर आने का दावा किया गया।
कार्यक्रम में शामिल विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था नहीं होने की शिकायत सामने आई। स्टॉल लगाने वाले कई कर्मचारियों को पानी के लिए बाहर जाना पड़ा और कुछ लोगों ने बाहर से पानी खरीदकर अपनी जरूरत पूरी की।
स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को भी पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे ब्लॉक प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के लिए की गई तैयारियों पर सवाल उठने लगे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक की मौजूदगी में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। स्टॉलों पर बैठे कर्मचारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं गर्मी में परेशान नजर आए। आरोप है कि बिजली जाने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई।
कार्यक्रम जैसे सार्वजनिक आयोजन में बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था नहीं होने को लेकर कर्मचारियों और आगंतुकों में नाराजगी की चर्चा रही।
इसी बीच विकासखंड में तैनात वरिष्ठ लिपिक विजय राठौर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। वायरल बताए जा रहे वीडियो में एक व्यक्ति कार्यालय कक्ष में कुर्सी पर पैर रखकर आराम करता दिखाई देता है। सोशल मीडिया पर इस व्यक्ति की पहचान विजय राठौर के रूप में बताई जा रही है।


