38 C
Lucknow
Tuesday, May 19, 2026

गंगा पुल पर मरम्मत कार्य से हाईवे पर लगा भीषण जाम

Must read

 

– इटावा-बरेली हाईवे पर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार, गर्मी में लोग बेहाल

फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर स्थित गंगा नदी पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य के चलते सोमवार को भीषण जाम की स्थिति बन गई। पुल के जॉइंट में दरार आने के बाद मरम्मत का कार्य जारी है, जिसके चलते ट्रैफिक को एक साइड से डायवर्ट किया गया है। इसी वजह से हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
थाना कादरीगेट क्षेत्र स्थित गंगा पुल पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। दोपहर तक हालात और बिगड़ गए। भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसे लोग घंटों परेशान रहे। सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे बच्चों, महिलाओं और मरीजों को उठानी पड़ी।
पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही धीमी होने से दोनों ओर ट्रकों, बसों और निजी वाहनों की लंबी लाइन लग गई। कई वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग तलाशते नजर आए, लेकिन राहत नहीं मिल सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर मरम्मत कार्य शुरू होने से पहले ट्रैफिक प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई, जिसके कारण अचानक जाम की समस्या गंभीर हो गई। वहीं पुलिसकर्मी और यातायात विभाग के कर्मचारी मौके पर वाहनों को निकालने में जुटे रहे।
प्रशासन का कहना है कि पुल की सुरक्षा को देखते हुए मरम्मत कार्य कराया जा रहा है और जल्द ही कार्य पूरा होने के बाद यातायात सामान्य कर दिया जाएगा। फिलहाल हाईवे पर जाम के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article