– अखिलेश यादव पर टिप्पणी से भड़कीं सपाई महिलाएं, कार्रवाई की उठी मांग
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के महिला प्रकोष्ठ ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर दिए गए बयान पर नाराज महिला कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान सपाई महिलाओं ने पीला गमछा और ओपी राजभर के पोस्टर जलाए। इस दौरान माहौल काफी गरमाया रहा और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। हालात बिगड़ते देख मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
सपा महिला प्रकोष्ठ की नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के सहयोगी दलों के नेता लगातार विपक्ष के नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति हो सकती है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जा सकती।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने मंत्री ओपी राजभर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द माफी नहीं मांगी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
राजनीतिक गलियारों में इस प्रदर्शन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए सपा अब भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेताओं के बयानों को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।


