37 C
Lucknow
Friday, May 15, 2026

अवैध खनन पर छापा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, माफियाओं पर शिकंजा कसने की तैयारी

Must read

फर्रुखाबाद (शमशाबाद)। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से जारी मिट्टी के अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने आखिरकार सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। शिकायत मिलने पर तहसीलदार कायमगंज ने छापेमारी कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर थाना पुलिस के हवाले कर दिया, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद क्षेत्र के कई गांवों में माफियाओं द्वारा खुलेआम मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। यह अवैध कारोबार न केवल पर्यावरण और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि राजस्व विभाग को भी हर महीने लाखों रुपये की चपत लगाई जा रही है।
बताया जा रहा है कि ग्राम कासिमपुर तराई के पास भूड़ क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत प्रशासन तक पहुंची थी। इसी के आधार पर तहसीलदार कायमगंज ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई, जिसमें अवैध रूप से खोदी गई मिट्टी भरी हुई थी। तहसीलदार ने तुरंत वाहन को कब्जे में लेकर शमशाबाद थाना पुलिस को सौंप दिया और खनन विभाग को भी सूचना दे दी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध खनन का यह खेल लंबे समय से जारी है और इसमें कहीं न कहीं संरक्षण की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों का कहना है कि खनन माफिया परमिशन का हवाला देकर नियमों की अनदेखी करते हुए बड़े पैमाने पर मिट्टी का दोहन कर रहे हैं।
गांवों में इस पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र की जमीन की संरचना और हरियाली को भारी नुकसान हो सकता है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, क्षेत्र में लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान जारी रखने की बात भी कही गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article