30 C
Lucknow
Sunday, August 30, 2026

चर्चित IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा, 13 साल की सेवा के बाद छोड़ी सरकारी नौकरी, 4 महीने से साइडलाइन थी, अफसर पति भी इस्तीफा दे चुके हैं

Must read

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने रविवार को सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया। 2013 बैच की दिव्या मित्तल वर्तमान में लखनऊ में राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं। उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्य सचिव एसपी गोयल को भेजा। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्होंने इसकी जानकारी दी, हालांकि इस्तीफे की वजह स्पष्ट नहीं की है।

43 वर्षीय दिव्या मित्तल करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद सरकारी नौकरी छोड़ रही हैं। मिर्जापुर, बस्ती और देवरिया की डीएम रह चुकीं दिव्या अपने सख्त प्रशासनिक अंदाज के लिए चर्चित रही हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर ही फटकार लगाने के उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए।

करीब चार महीने पहले उनका देवरिया से तबादला कर लखनऊ के राजस्व विभाग में विशेष सचिव बनाया गया था। इसके बाद से उनके फील्ड पोस्टिंग से हटाए जाने को लेकर चर्चाएं थीं। हालांकि इस्तीफे का वास्तविक कारण अभी सामने नहीं आया है।

हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली दिव्या ने IIT दिल्ली से बीटेक और IIM बेंगलुरु से एमबीए किया। इसके बाद लंदन में नौकरी की, लेकिन लाखों रुपये का पैकेज छोड़कर भारत लौट आईं। उन्होंने बिना कोचिंग पहले प्रयास में यूपीएससी पास कर आईपीएस सेवा हासिल की और अगले ही वर्ष परीक्षा पास कर आईएएस बन गईं।

मिर्जापुर की डीएम रहते हुए लहुरियादह गांव में पहली बार पेयजल पहुंचाने की पहल उनकी प्रमुख उपलब्धियों में रही। उनके कार्यकाल और विदाई के दौरान स्थानीय लोगों के समर्थन की तस्वीरें और वीडियो खूब चर्चा में रहे। देवरिया में भी उनका सख्त रवैया सुर्खियों में रहा और जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों की भूमिका को लेकर विवाद सामने आए।

दिव्या के पति गगनदीप सिंह भी आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से पढ़े हैं। उन्होंने 2010 में यूपीएससी पास कर भारतीय व्यापार सेवा ज्वाइन की थी और 2022 में सरकारी नौकरी छोड़कर कारोबार शुरू किया। दिव्या ने हाल ही में यूपीएससी की तैयारी पर आधारित ‘द क्राफ्टेड जीनियस’ किताब भी लिखी है।

इस्तीफे के बाद उनके कारोबार, यूपीएससी कोचिंग या राजनीति में आने को लेकर चर्चाएं तेज हैं, लेकिन इन संभावनाओं पर दिव्या मित्तल की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article