शाहजहांपुर
जिले के मदनापुर थाना क्षेत्र स्थित बरी खास गांव में मंगलवार रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें 25 वर्षीय युवक श्याम सुंदर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है।
बताया जा रहा है कि श्याम सुंदर बचपन से अपने ननिहाल में रह रहा था और गांव के ही एक रिश्तेदार से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपी रिश्तेदार ने तमंचे से फायर कर दिया, जिससे श्याम सुंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई को भी चोटें आईं।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में श्याम सुंदर को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल भाई का इलाज जारी है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर प्रयांक जैन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना रिश्तेदारों के बीच हुए मामूली विवाद का परिणाम है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
मृतक की पत्नी मोनी देवी ने बताया कि आरोपी और श्याम सुंदर पहले अच्छे मित्र की तरह रहते थे, लेकिन अचानक हुए विवाद ने यह भयावह रूप ले लिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


