फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर के निर्देश पर जिले के पांच कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का जिला स्तरीय अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बालिकाओं को मिल रही शिक्षा, आवासीय सुविधाओं, भोजन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनके रहने, खान-पान, पढ़ाई और दैनिक उपयोग की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं से यह भी पूछा गया कि विद्यालय में उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं है। अधिकारियों ने रसोईघर की साफ-सफाई, निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन, शौचालयों की स्वच्छता, कंप्यूटर लैब और सीसीटीवी कैमरों समेत अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
विद्यालयों में कार्यरत वार्डन, प्रभारी वार्डन, फुल टाइम व पार्ट टाइम शिक्षकों, रसोइयों तथा चौकीदारों से भी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और आवासीय सुविधाओं को लेकर विद्यालयों की नियमित निगरानी आगे भी जारी रहेगी।


