38 C
Lucknow
Wednesday, April 15, 2026

पत्नी और प्रेमी की प्रताड़ना से टूटा युवक, आत्महत्या के मामले में दोनों गिरफ्तार; जेल भेजे गए आरोपी

Must read

फिरोजाबाद

जिले के टूंडला थाना क्षेत्र में आत्महत्या के एक संवेदनशील मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला वैवाहिक विवाद, अवैध संबंध और मानसिक प्रताड़ना से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, जिसने एक युवक की जान ले ली।
जानकारी के अनुसार नगला सिंघी थाना पुलिस ने मंगलवार को गांव धीरपुरा के पास से गढ़ी भाऊ निवासी मृतक रविंद्र की पत्नी गौरी और उसके कथित प्रेमी अरविंद को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, रविंद्र की शादी करीब 17 वर्ष पहले ढोलपुरा निवासी गौरी के साथ हुई थी। कुछ समय पहले गौरी की मुलाकात धीरपुरा निवासी अरविंद से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। बीती 6 अप्रैल को गौरी अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई थी, जिससे रविंद्र गहरे मानसिक आघात में चला गया था।
बताया जा रहा है कि रविंद्र ने पत्नी के घर छोड़ने की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बाद विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि गौरी, उसका प्रेमी अरविंद और उसके परिजन लगातार रविंद्र को धमकाते और प्रताड़ित करते रहे। इस मानसिक दबाव से परेशान होकर रविंद्र ने सोमवार सुबह गांव के पास एक खेत में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के पिता भीकम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी गौरी, प्रेमी अरविंद तथा उसके भाइयों पुष्पेंद्र और बृजेश के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ना की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी पारुल मिश्रा ने बताया कि मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है, ताकि सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article