लखनऊ। राजधानी में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी ) की ओर से फिट इंडिया मूवमेंट के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को फिट रहने और ईंधन बचाने का संदेश दिया गया।
यह साइकिल रैली राजधानी के G-20 रोड पर निकाली गई, जिसमें एसएसबी के जवानों और अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के दौरान जवानों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और पेट्रोल-डीजल की बचत को लेकर जागरूकता संदेश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग के लिए प्रेरित करना है। लगातार बढ़ते प्रदूषण और ईंधन खपत के बीच साइकिल को बेहतर विकल्प के रूप में अपनाने पर जोर दिया गया।
रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। सड़क पर गुजरने वाले लोगों ने भी जवानों का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम की सराहना की।
एसएसबी अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण को लेकर समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाया जा सके।


