फर्रुखाबाद। शनिवार को जिले भर में सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ वट सावित्री व्रत मनाया। इस दौरान महिलाओं ने बट (वट) वृक्ष की विधि-विधान से पूजा कर अपने पतियों की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की। गांवों से लेकर शहर तक मंदिरों और वट वृक्षों के पास सुबह से ही महिलाओं की भीड़ देखने को मिली।
सुबह स्नान-ध्यान के बाद महिलाएं सज-धजकर पूजा स्थलों पर पहुंचीं और वट वृक्ष के चारों ओर कच्चा सूत लपेटकर परिक्रमा की। उन्होंने फल, फूल, रोली, अक्षत और मिठाई अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान वट सावित्री व्रत कथा का श्रवण भी किया गया, जिसमें माता सावित्री द्वारा अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस लाने की कथा सुनाई गई।
महिलाओं का मानना है कि इस व्रत को करने से पति की आयु लंबी होती है और वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहता है। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन भी किया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
बुजुर्ग महिलाओं ने बताया कि यह व्रत भारतीय परंपरा और संस्कृति का अहम हिस्सा है, जिसे पीढ़ी दर पीढ़ी निभाया जा रहा है। वहीं युवा महिलाएं भी पूरे उत्साह के साथ इस परंपरा में भाग लेती नजर आईं।
वट सावित्री व्रत पर सुहागिनों ने की बट वृक्ष की पूजा, पति की दीर्घायु की कामना


