मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के लोहिया नगर रोहिला निवासी महिला ने एक युवक पर पीछे से पकड़कर छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला ने तहरीर में बताया कि तीन अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपने हृदय रोगी पति की दवा लेने पुराने घर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में निक्कू उर्फ विकास ने उसे पीछे से पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा। महिला के शोर मचाने पर पति को आता देख आरोपी मौके से भाग गया। महिला ने आरोपी के माता-पिता शकुंतला और वीरेंद्र पर भी उसका सहयोग करने का आरोप लगाया है।
महिला का आरोप है कि इससे पहले भी आरोपी पक्ष द्वारा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। उसने बताया कि आरोपी तमंचा लेकर घूमने और परिवार को धमकाने की बात कहता है, जिससे वह और उसके बच्चे भयभीत हैं। महिला ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


